टेक कंपनी एपल ने चीन के डालियान शहर में स्थित अपने पार्कलैंड मॉल स्टोर को 9 अगस्त को बंद करने का ऐलान किया है। यह पहला मौका है जब कंपनी ने चीन में कोई रिटेल स्टोर बंद किया है, जबकि उसने 2008 में यहां पहला स्टोर खोला था। कंपनी ने स्टोर बंद करने के पीछे मॉल के कारोबारी माहौल में बदलाव को वजह बताया है।

पार्कलैंड मॉल को हाल ही में इनटाइम सिटी के रूप में रीब्रांड किया गया है, जिसके बाद कई बड़े ब्रांड्स ने अपने स्टोर बंद कर दिए।एपल ने भी इसी कारण अपना स्टोर बंद करने का फैसला किया है। हालांकि, डालियान में एपल का एक और स्टोर ओलिंपिया 66 मॉल में पहले से मौजूद है, जो पार्कलैंड से करीब 10 मिनट की दूरी पर है।

एपल ने साफ किया है कि चीन से वह पीछे नहीं हट रही है और वहां की बाजार हिस्सेदारी बनाए रखेगी। फिलहाल ग्रेटर चाइना में कंपनी के 56 स्टोर्स हैं, जो उसके वैश्विक 530 से ज्यादा स्टोर्स का 10% हिस्सा हैं। इसके साथ ही एपल भारत, सऊदी अरब, UAE और अमेरिका के डेट्रॉयट जैसे बाजारों में नए स्टोर खोलने की तैयारी में है।

कंपनी भारत में iPhone मैन्युफैक्चरिंग और निर्यात पर भी तेजी से फोकस कर रही है। रिसर्च के मुताबिक 2025 की पहली छमाही में भारत में 23.9 मिलियन iPhones बने, जो पिछले साल की तुलना में 53% ज्यादा है। इसी अवधि में भारत से 22.88 मिलियन यूनिट्स का निर्यात हुआ, जो सालाना 52% की बढ़ोतरी है। इसके जरिए 1.94 लाख करोड़ रुपए के iPhones निर्यात किए गए।