मुंबई। दो गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनियों बजाज फाइनेंस और HDFC लिमिटेड ने डिपॉजिट पर ब्याज दरों में बदलाव किया है। अब 2, 3 और 5 साल के लिए डिपॉजिट करते हैं तो आपको ज्यादा ब्याज मिलेगा।

2 साल के डिपॉजिट पर 6.4% ब्याज : बजाज फाइनेंस के 2 साल की डिपॉजिट पर अब 6.4% ब्याज मिलेगा। पहले यह 6.1% हुआ करता था। 3 और 5 साल के जमा पर 6.8% का ब्याज मिलेगा। पहले ब्याज की दर 6.5% थी। HDFC लिमिटेड में 2 साल के डिपॉजिट पर 5.85% का ब्याज मिलेगा। जबकि 3 साल के डिपॉजिट पर 6.1 और 5 साल के डिपॉजिट पर 6.5% का ब्याज मिलेगा।

इसमें 3 साल और पांच साल के जमा पर अभी तक 6.5% का ब्याज मिलता था। HDFC ग्रीन डिपॉजिट पर 3 साल में 6% और 5 साल में 6.4% ब्याज मिलेगा। यह सभी ब्याज दरें 1 दिसंबर से लागू की गई हैं। इनकी ब्याज दरें इस साल में पहली बार बढ़ाई गई हैं।

दरें अब ऊपर की ओर जाएंगी : दरअसल दुनियाभर के केंद्रीय बैंक अब ब्याज दरों को ऊपर ले जाना चाहते हैं। इससे आने वाले समय में बैंकों और अन्य डिपॉजिट पर ब्याज दरें बढ़ेंगी। यही कारण है कि अब इस तरह की कंपनियां धीरे-धीरे इसमें इजाफा करने लगी हैं। अगले साल तक डिपॉजिट पर ब्याज दरें बढ़ने का मतलब यह होगा कि आपका लोन भी महंगा हो जाएगा।

एक करोड़ के डिपॉजिट पर 13% ब्याज : वैसे अगर आप एक करोड़ रुपए डिपॉजिट करते हैं तो आपको चार साल के लिए 11 से 13% तक का ब्याज मिलेगा। ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड 2 हजार करोड़ रुपए जुटाने के लिए क्रेडिट अल्टरनेटिव इन्वेस्टमेंट फंड (AIF) लॉन्च कर रहा है। इसका बेस साइज एक हजार करोड़ रुपए होगा, जबकि ज्यादा रकम मिलने पर इसे बढ़ाकर 2 हजार करोड़ रुपए किया जा सकता है।

बैंक भी दे रहे हैं ज्यादा ब्याज : वैसे कुछ बैंक अभी भी डिपॉजिट पर ज्यादा ब्याज दे रहे हैं। इसमें RBL बैंक 3 साल की FD पर 6.30% का ब्याज दे रहा है। निजी बैंकों में यह सबसे ज्यादा ब्याज दे रहा है। इसका मतलब अगर आपने एक लाख रुपए तीन साल के लिए फिक्स किया तो आपको 1.21 लाख रुपए मिलेगा।

यस बैंक तीन साल की FD पर 6.25% का ब्याज सालाना देगा। यानी इसमें एक लाख रुपए का निवेश करने पर तीन साल में आपको 1.20 लाख रुपए मिलेगा। कम से कम निवेश 10 हजार रुपए करना होगा।

इंडसइंड बैंक दे रहा है 6% ब्याज : इंडसइंड बैंक तीन साल की FD पर 6% का ब्याज देगा। इसका मतलब यह हुआ कि आप अगर तीन साल के लिए एक लाख रुपए इसमें निवेश करेंगे तो आपको 1.19 लाख रुपए मिलेगा। इसमें भी कम से कम निवेश 10 हजार रुपए करना होगा। इसी तरह निजी सेक्टर का ही DCB बैंक आपको तीन साल के निवेश पर 5.95% का ब्याज देगा। इसमें भी कम से कम दस हजार रुपए निवेश करने होंगे। इनके अलावा साउथ इंडियन बैंक तीन साल की FD पर 5.50% का ब्याज दे रहा है। छोटे साइज के निजी सेक्टर के बैंक बड़े बैंकों की तुलना में ज्यादा ब्याज निवेशकों को दे रहे हैं।