इंदौरवासियों को मिलेगी 381 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 26 जून को इंदौर के दौरे पर रहेंगे, जहां वे दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेंगे। पहला कार्यक्रम आपातकाल की विभीषिका पर आधारित संगोष्ठी है, जिसमें वे मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और आपातकाल के दौर में लोकतंत्र पर पड़े प्रभावों तथा उससे मिली सीखों पर अपने विचार रखेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री यादव शहरवासियों को 381 करोड़ रुपये की लागत से तैयार विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण, पेयजल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था और नगरीय विकास से संबंधित अनेक कार्य शामिल हैं।

नगर निगम और जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम नागरिक उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री की इस यात्रा से इंदौर को विकास की नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।