इंदौर सॉफ्टवेयर एसोसिएशन ने आज अपने साल के सबसे बड़े स्पोर्ट्स इवेंट ‘ISA क्रिकेट लीग 2026’ सीजन 4 का आधिकारिक कार्यक्रम जारी किया। आज आयोजित एक कार्यक्रम में शहर के टेक फाउंडर्स और मेंबर्स की मौजूदगी में इस सीजन की ट्रॉफी का अनावरण करने के साथ कैलंडर जारी किया। इस बार की लीग में 32 IT/ITES कंपनियों की टीमें इसमें हिस्सा लेंगी और ये सभी रोमांचक 1-घंटे के मैच यशवंत क्लब के मैदान पर खेले जाएंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर डॉ. निशांत खरे, उपाध्यक्ष, मध्यप्रदेश भाजपा, सीए स्वप्निल कोठारी, चांसलर, रेनेसां यूनिवर्सिटी और श्री राजेश दंडोतिया, एडिशनल डीसीपी, क्राइम ब्रांच, इंदौर शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और खेल के जरिए कम्युनिटी को जोड़ने की इस पहल की तारीफ की।
सीजन 4 में भी हर बार की तरह महिला और पुरुष खिलाड़ियों को बराबरी का मौका देने पर खास जोर दिया गया है, जिसके तहत हर टीम में 9 पुरुष और 2 महिला खिलाड़ियों का होना अनिवार्य है। हर पारी का पहला ओवर सिर्फ महिला खिलाड़ी ही खेलेंगी, जिससे खेल में सबकी बराबर हिस्सेदारी सुनिश्चित होगी।
इस बार के टूर्नामेंट के बारे में बात करते हुए, श्री स्वप्निल बंसल, कोषाध्यक्ष, ISA ने कहा कि ISA क्रिकेट लीग अब सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि इंदौर की टेक दुनिया का एक बड़ा त्यौहार बन गया है। 32 टीमें और 71,000 रुपये के इनाम के साथ, इस बार मुकाबला बहुत कड़ा होने वाला है और वे अपनी मेंबर कंपनियों के बीच रिश्तों को मजबूत करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
लीग के नए नियमों पर बात करते हुए, श्री सचिन साबू सचिव, ISA ने कहा कि यह सीजन जोश और सबको साथ लेकर चलने के बारे में है। महिला और पुरुष खिलाड़ियों को एक साथ खिलाकर और ‘फर्स्ट ओवर’ का नियम लाकर वे यह संदेश देना चाहते हैं कि टेक्नोलॉजी और स्पोर्ट्स पर सबका हक है।
टूर्नामेंट के शेड्यूल के अनुसार इसे चार ग्रुप (A, B, C और D) में बांटा गया है और यह पांच दिनों तक चलेगा, जिसमें कुल 35 मैच खेले जाएंगे। इनमें 28 लीग मैच, क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल शामिल हैं। मैचों की शुरुआत शनिवार, 21 फरवरी को ग्रुप A के साथ होगी, जिसके बाद रविवार, 22 फरवरी को ग्रुप B के मैच होंगे। अगले हफ्ते शुक्रवार, 27 फरवरी को ग्रुप C और शनिवार, 28 फरवरी को ग्रुप D के मुकाबले होंगे। सीजन का समापन रविवार, 1 मार्च 2026 को नॉकआउट मैचों और फाइनल मुकाबले के साथ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *