देश में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार और छोटे-मध्यम उद्योगों की बढ़ती भूमिका के बीच केंद्रीय भारत में एक बड़े औद्योगिक आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जनवरी 2026 में इंदौर में इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग एंड मैन्युफैक्चरिंग एक्सपो 2026 का आयोजन किया जाएगा। यह एक्सपो 9 से 12 जनवरी तक लाभगंगा एग्ज़ीबिशन सेंटर, बायपास रोड, इंदौर में आयोजित होगा, जो प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक आम लोगों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के लिए खुला रहेगा। प्रदर्शनी में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा।

यह आयोजन केंद्रीय भारत की सबसे बड़ी एसएमई आधारित औद्योगिक प्रदर्शनी मानी जा रही है, जिसमें मैन्युफैक्चरिंग, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, पंप्स, वाल्व्स, मटीरियल हैंडलिंग, वेयरहाउसिंग और इंट्रा लॉजिस्टिक्स जैसे प्रमुख सेक्टर्स एक ही मंच पर देखने को मिलेंगे। प्रदर्शनी का उद्देश्य छोटे और मध्यम उद्योगों को नए व्यापारिक अवसरों से जोड़ना और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।

एक्सपो के अंतर्गत पंप्स, वाल्व्स एंड सिस्टम्स एक्सपो 2026 और इंदौर वेयरहाउसिंग एंड इंट्रा लॉजिस्टिक्स एक्सपो का भी समानांतर आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष प्रदर्शनी का विशेष फोकस सोलर और रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर पर रखा गया है, जिससे ग्रीन एनर्जी और सस्टेनेबल इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस को बढ़ावा मिल सके।

फ्यूचर इवेंट्स के डायरेक्टर अमेय गोखले के अनुसार, लगभग 25,000 वर्गमीटर में फैली इस प्रदर्शनी में देशभर से 250 से अधिक एग्ज़िबिटर्स भाग लेंगे, जबकि 25,000 से ज्यादा विज़िटर्स के आने की संभावना है। एक्सपो में 10,000 से अधिक प्रोडक्ट्स और सर्विसेस प्रदर्शित की जाएंगी, जिनमें अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग टेक्नोलॉजी, मशीन टूल्स, ऑटोमेशन, हाइड्रोलिक्स, पैकेजिंग, प्लास्टिक्स, पाइप्स व फिटिंग्स, टेस्टिंग और मेजरिंग इंस्ट्रूमेंट्स शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शनी केवल उत्पाद प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उद्योग जगत के लिए एक सशक्त नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म भी बनेगी। यहां नए बिजनेस टाई-अप, डीलरशिप, सप्लाई चेन विस्तार और तकनीकी सहयोग के अवसर मिलेंगे। साथ ही टेक्निकल कॉन्फ्रेंस और इंटरैक्शन सेशंस के जरिए उद्योग विशेषज्ञों को आपसी संवाद का मंच मिलेगा।

श्री गोखले ने कहा कि इंदौर तेजी से मध्य भारत के औद्योगिक हब के रूप में उभर रहा है और यह एक्सपो एसएमई सेक्टर के लिए नए अवसर, नई सोच और मजबूत व्यापारिक संबंधों की शुरुआत साबित होगा। यह आयोजन फ्यूचर इवेंट्स द्वारा किया जा रहा है, जिसमें एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज मध्य प्रदेश और पंप्स एंड वाल्व्स इंडिया सह-आयोजक हैं। विज़िटर्स की सुविधा के लिए क्यूआर कोड के माध्यम से डिजिटल रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था भी की गई है।