फाइनेंशियल कंटेंट बनाने वालों की मेहनत और जिम्मेदारी को सम्मान देने के लिए शुरू किए गए राष्ट्रीय पहल कोटक कैटालिस्ट अवार्ड्स ने अपने पहले संस्करण के विजेता की घोषणा कर दी है। ‘कोटक अल्टरनेट एसेट मैनेजर्स लिमिटेड’ ने हिमानी चौधरी को इस साल का विजेता घोषित किया।

विजेता को इनाम के तौर पर 25 लाख रुपये दिए गए। इस बड़ी इनामी राशि के साथ, ‘कैटालिस्ट अवार्ड्स’ भारत में फाइनेंशियल कंटेंट क्रिएटर्स के लिए सबसे बड़े और महत्वपूर्ण सम्मानों में से एक बन गया है।

कोटक ऑल्ट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर, श्रीनी श्रीनिवासन ने कहा कि, “हमने कोटक अल्ट्स कैटालिस्ट अवार्ड्स की शुरुआत उन कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मान देने के लिए की है, जो भारत में लोगों को पैसों और निवेश के बारे में जागरूक बनाने में बड़ा योगदान दे रहे हैं। जैसे-जैसे निवेश करने वाले लोगों की संख्या बढ़ रही है, दर्शक अब ऐसी जानकारी चाहते हैं जो स्पष्ट हो, सही संदर्भ में हो और जिस पर भरोसा किया जा सके।”

उन्होंने आगे कहा कि, “हमें क्रिएटर्स की तरफ से बहुत अच्छा रिस्पॉन्स मिला है, जो वित्तीय शिक्षा देने वाली नई पीढ़ी के उत्साह को दर्शाता है। हमारी पहली विजेता, हिमानी चौधरी, उस ऊंचे स्तर का बेहतरीन उदाहरण हैं जिसे हम इस क्षेत्र में बढ़ावा देना चाहते हैं।”

‘कोटक अल्ट्स कैटालिस्ट अवार्ड्स’ के इस पहले साल में 19 राज्यों से 8 अलग-अलग भाषाओं में 600 से अधिक एंट्रीज मिलीं। यह दिखाता है कि डिजिटल क्रिएटर्स आज के समय में लोगों को पैसों के प्रति जागरूक बनाने में कितनी बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। आजकल इंटरनेट पर मौजूद गलत जानकारियों और भ्रम को दूर करने के लिए इस अवार्ड की शुरुआत की गई है। इसका मकसद उन क्रिएटर्स को पहचान दिलाना है जो पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और निवेशकों के फायदे को ध्यान में रखकर काम करते हैं।

हिमानी चौधरी के कंटेंट “पर्सनल फाइनेंस और मेजर फाइनेंस अपडेट्स” को उसकी साफ और आसान समझ, मौलिकता और भरोसेमंद जानकारी के लिए सम्मानित किया गया।

जूरी ने कहा कि इस कंटेंट में जटिल वित्तीय विषयों को भी सरल और संतुलित तरीके से समझाने की क्षमता है। यह मजबूत रिसर्च पर आधारित है और इसमें वायरल होने से ज्यादा निवेशकों को शिक्षित करने पर ध्यान दिया गया है।

अवार्ड की प्रक्रिया को मजबूत और पारदर्शी बनाने के लिए इसका ढांचा ईवाई द्वारा तैयार किया गया और ऑडिट भी किया गया। टॉप 30 एंट्री का मूल्यांकन एक एकेडमिक जूरी ने किया।

इसके बाद टॉप 10 फाइनलिस्ट का मूल्यांकन एक ग्रैंड जूरी ने किया। इस जूरी में कुणाल शाह (फाउंडर और सीईओ, सीआरईडी), राधिका गुप्ता (मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ, एडेलवाइस म्यूचुअल  फंड) और अल्पेश शाह (मैनेजिंग डायरेक्टर और सीनियर पार्टनर, बॉस्टन कंसल्टिंग ग्रुप) शामिल थे। इस जूरी की अध्यक्षता अनंत नारायण, जो SEBI के पूर्व होल टाइम मेंबर रह चुके हैं और जिनके पास पूंजी बाजार और रेगुलेशन का लंबा अनुभव है, ने की।

कैटालिस्ट अवार्ड्स उन फाइनेंशियल कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मानित करता है जो वित्तीय साक्षरता, उपयोगी जानकारी और निवेशकों के लंबे समय के हित को प्राथमिकता देते हैं। इस पहल के जरिए Kotak Alts जिम्मेदार वित्तीय जानकारी को बढ़ावा देना और पूरे भारत में जागरूक और आत्मविश्वासी निवेशकों को तैयार करना चाहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *