तेजी से बढ़ते घरेलू उपकरण बाजार में पकड़ मजबूत करने के लिए उठाया गया रणनीतिक कदम
ईशा अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस रिटेल ने शुक्रवार को घोषणा की कि कंपनी ने रेफ्रिजरेटर और वॉशिंग मशीन बनाने वाली मशहूर कंपनी केल्विनेटर का अधिग्रहण कर लिया है। इस कदम का उद्देश्य तेजी से बढ़ते कंज़्यूमर ड्यूरबल्स बाजार में अपनी उत्पाद श्रृंखला को और मजबूत करना है।
रिलायंस ने कहा कि केल्विनेटर को अपने समूह में शामिल कर वह अपने विशाल रिटेल नेटवर्क को केल्विनेटर की नवाचार परंपरा और विश्वसनीयता के साथ जोड़ना चाहता है।
रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (RRVL) की कार्यकारी निदेशक ईशा अंबानी ने कहा, “हमारा मिशन हमेशा से यही रहा है कि हर भारतीय की विविध जरूरतों को पूरा करते हुए तकनीक को सुलभ, उपयोगी और भविष्य के अनुकूल बनाया जाए। केल्विनेटर का अधिग्रहण हमारे लिए एक अहम मोड़ है, जिससे हम भारत में उपभोक्ताओं को वैश्विक स्तर की विश्वसनीय तकनीकों की व्यापक रेंज उपलब्ध करा सकेंगे। इसे हमारे व्यापक स्केल, शानदार सेवा क्षमताओं और अग्रणी डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क का मजबूत समर्थन प्राप्त है।”
कंपनी का मानना है कि इस अधिग्रहण से रिलायंस को किचन और होम अप्लायंसेज सेगमेंट में और गहराई से प्रवेश करने का अवसर मिलेगा, जिससे उपभोक्ताओं को अधिक विकल्प और बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।
इसके साथ ही रिलायंस डिस्ट्रीब्यूशन चैनल, आफ्टर-सेल्स सर्विस और डिजिटल प्लैटफॉर्म्स के माध्यम से इन प्रोडक्ट्स को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने की योजना बना रही है। माना जा रहा है कि आने वाले महीनों में कंपनी केल्विनेटर ब्रांड के तहत नए प्रोडक्ट्स और टेक्नोलॉजी-आधारित समाधान लॉन्च कर सकती है।
