नई दिल्ली। सप्ताह के पहले दिन सोमवार को बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स 400 अंक से अधिक टूट गया। इसके बाद एक वक्त ऐसा भी आया, जब यह 1,698 अंकों से ज्यादा की गिरावट के साथ 58,011.92 के निचले स्तर पर जा पहुंचा।

हालांकि बाद में सेंसेक्स थोड़ा संभला और कारोबार के अंत में 1170.12 अंकों की गिरावट के साथ 58,465.89 पर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी (NSE Nifty) में भी गिरावट का रुख रहा। कारोबार की शुरुआत में निफ्टी 129.85 अंक गिरकर 17,634.95 पर आ गया। कारोबार के अंत में निफ्टी 348.25 अक टूटकर 17,416.55 पर बंद हुआ।
शेयर बाजार में आई इस गिरावट की प्रमुख वजहों में कमजोर वैश्विक संकेत और विदेशी कोष का लगातार निकाला जाना शामिल है। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को सकल आधार पर 3,930.62 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। शेयर बाजार शुक्रवार को गुरु नानक जयंती के अवसर पर बंद रहे।
4 फीसदी टूटा रिलायंस के शेयर : देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में 4 फीसदी से अधिक गिरावट आई है। कंपनी का शेयर 2363.40 रुपये के स्तर पर बंद हुआ। रिलायंस इंडस्ट्रीज का कहना है कि वह सऊदी अरामको के साथ अपने प्रस्तावित सौदे पर नए सिरे से विचार कर रही है। कंपनी की अपने तेल रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल कारोबार में 20 फीसदी हिस्सेदारी सऊदी अरामको को बेचने की योजना थी। सौदे पर नए सिरे से विचार करने की खबर से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई और रिलायंस के शेयरों में गिरावट आई। इससे कंपनी का मार्केट कैप करीब 9 अरब डॉलर यानी 66,000 करोड़ रुपये घट गया।

सेंसेक्स पर केवल 3 कंपनियों के शेयर चढ़े : सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से पर केवल भारती एयरटेल, एशियन पेंट और पावरग्रिड के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। बजाज फाइनेंस का शेयर 5.74 फीसदी टूटा। निफ्टी के सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। पीएसयू बैंक और रियल्टी शेयरों में 4 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।