इंदौर : भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम में एक नया इतिहास रचने और इंदौर को वैश्विक स्टार्टअप मानचित्र पर स्थापित करने के उद्देश्य से, रेनेसां यूनिवर्सिटी एक मेगा स्टार्टअप इन्वेस्टर मीट ‘टाइफून’ का आयोजन करने जा रही है। रविवार 8 जून, 2025 को होने वाला यह कार्यक्रम युवा उद्यमियों, छात्रों और इनोवेटर्स के सपनों को हकीकत में बदलने के लिए एक शक्तिशाली मंच प्रदान करेगा।
यह विशाल आयोजन स्टार्टअप की दुनिया में एक मील का पत्थर साबित होने जा रहा है, जहाँ अमेरिका, यूके, यूरोप, दुबई, सिंगापुर समेत दुनिया भर से 250 से ज़्यादा वेंचर कैपिटलिस्ट, एंजेल इन्वेस्टर्स और उद्योग जगत के दिग्गज जुटेंगे। ये निवेशक 500 से अधिक चुनिंदा और इनोवेटिव स्टार्टअप आइडियाज का मूल्यांकन करेंगे। इस इवेंट की सबसे बड़ी और अनूठी विशेषता यह है कि मूल्यांकन के बाद करीब100 सर्वश्रेष्ठ स्टार्टअप्स को मौके पर ही (ऑन-द-स्पॉट) फंडिंग का सुनहरा अवसर प्रदान किया जाएगा।अपने इनोवेशन, प्रायोगिक दृष्टिकोण और अकादमिक उत्कृष्टता के लिए प्रसिद्ध रेनेसां यूनिवर्सिटी इस पहल के माध्यम से छात्रों को केवल ‘डिग्री-धारक’ नहीं, बल्कि ‘फ्यूचर-रेडी’ लीडर बनाने और उनमें उद्यमशीलता की भावना को बढ़ावा देने के अपने लक्ष्य को साकार कर रही है।
यूनिवर्सिटी के चांसलर, सीए स्वप्निल कोठारी ने इस आयोजन पर प्रकाश डालते हुए कहा, “’टाइफून’ युवा उद्यमियों के लिए एक क्रांतिकारी अवसर है। यह केवल एक इवेंट नहीं, बल्कि एक ऐसा इकोसिस्टम है जहाँ रचनात्मकता का सम्मान होगा और प्रतिभा को पूंजी मिलेगी। यहाँ युवा इनोवेटर्स अपने यूनिक आइडियाज और प्रोफेशनल क्रिएटिविटी को सीधे वैश्विक निवेशकों के सामने प्रस्तुत कर सकेंगे। एक दमदार प्रेजेंटेशन उनकी जिंदगी का गेम-चेंजर बन सकता है और उन्हें सफलता के नए शिखर पर पहुंचा सकता है।”
इस आयोजन की एक और खास बात यह है कि यह पूरी तरह से निःशुल्क है। किसी भी छात्र या उद्यमी को भाग लेने के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। उन्हें बस अपने शक्तिशाली, मौलिक और स्केलेबल आइडियाज के साथ पूरी तैयारी से आना है।