US फेड ने यह भी कहा कि बेरोजगारी दर अब भी कम है और श्रम बाजार की स्थिति मजबूत बनी हुई है, जिससे यह संकेत मिलता है कि अर्थव्यवस्था को लेकर फेड का भरोसा कायम है।

अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (FOMC) ने एक बार फिर अपनी बेंचमार्क ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं किया है। अब यह दर 4.25% से 4.5% के बीच बनी रहेगी। यह लगातार चौथी बैठक है जिसमें फेड ने दरों को स्थिर बनाए रखा है। इस फैसले का समर्थन कमेटी के सभी वोटिंग सदस्यों ने किया।

बैठक के बाद जारी बयान में फेड ने कहा कि महंगाई अभी भी कुछ हद तक ऊंची बनी हुई है। साथ ही यह भी बताया गया कि हाल के आंकड़े इस ओर इशारा करते हैं कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था में मजबूती के साथ विकास जारी है। फेड ने यह भी स्पष्ट किया कि बेरोजगारी दर अब भी कम है और श्रम बाजार की स्थिति मजबूत बनी हुई है, जिससे यह संकेत मिलता है कि अर्थव्यवस्था को लेकर फेड का भरोसा कायम है।

फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल ने कहा है कि अमेरिका में इस गर्मी के दौरान वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी देखी जा सकती है। उन्होंने इसके पीछे की वजह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए टैरिफ (आयात शुल्क) को बताया है।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पॉवेल ने कहा, “हम देख रहे हैं कि वस्तुओं की महंगाई थोड़ा-थोड़ा बढ़ रही है। हमें उम्मीद है कि गर्मियों में यह और बढ़ेगी।” उन्होंने बताया कि टैरिफ का असर पूरी सप्लाई चेन पर धीरे-धीरे पड़ता है, क्योंकि कई वस्तुएं महीनों पहले ही आयात की गई थीं।

पॉवेल ने यह भी बताया कि अब कुछ श्रेणियों, जैसे पर्सनल कंप्यूटर और ऑडियो-विजुअल उपकरणों में, कीमतें बढ़ती दिख रही हैं और यह टैरिफ में बढ़ोतरी की वजह से हो रहा है। उनका कहना है कि आने वाले महीनों में इस तरह की कीमतों में और इजाफा हो सकता है।

 

One thought on “US Fed ने चौथी बार दरों को स्थिर रखा, महंगाई पर जताई चिंता”

Comments are closed.