पाकिस्तान को समर्थन देने के चलते तुर्किये की कंपनियों का भारत में विरोध बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को चेन्नई एयरपोर्ट ने तुर्किये की कंपनी सेलेबी की सब्सिडियरी के साथ अपना अनुबंध समाप्त कर दिया। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, एयरपोर्ट पर कंपनी की ग्राउंड हैंडलिंग सेवाएं बंद कर दी गई हैं।
इससे पहले, अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सेलेबी के साथ अपनी ग्राउंड हैंडलिंग सेवा की साझेदारी को खत्म कर दिया था।
सरकार ने कंपनी का सुरक्षा मंजूरी (सिक्योरिटी क्लीयरेंस) रद्द कर दी है।
इससे पहले 15 मई को सिविल एविएशन सिक्योरिटी ब्यूरो (BCAS) ने सेलेबी का सिक्योरिटी क्लीयरेंस रद्द कर दिया था। यह निर्णय भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनज़र लिया गया था। दरअसल, पाकिस्तान द्वारा भारत पर किए गए हमले में टर्किश ड्रोन के इस्तेमाल की बात सामने आई थी।
इसके साथ ही, पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत द्वारा शुरू किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद तुर्किये ने खुलकर पाकिस्तान का समर्थन किया। तभी से भारत सरकार ने टर्किश कंपनियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है।
