दिखावे की दौड़ या असली दौलत—मिडल क्लास के सामने दो रास्ते।

 

भारत का मिडल क्लास सिकुड़ नहीं रहा, बल्कि दो भागों में बंट रहा है। टेक फाउंडर श्याम अच्युतन की सधी हुई बातों में, अब फर्क अमीर और गरीब के बीच नहीं है, बल्कि उन लोगों के बीच है जो अमीरी का दिखावा करते हैं और जो चुपचाप दौलत बना रहे हैं। एक वायरल LinkedIn पोस्ट में अच्युतन भारतीय मिडल क्लास की कड़वी हकीकत बयां करते हैं—वो वर्ग जो कभी समाज की रीढ़ था, मेहनती परिवार, स्थिर नौकरियां, टू-व्हीलर से कार तक का सफर, सालाना छुट्टियाँ और घर खरीदने के सपने—अब एक खतरनाक मोड़ पर है।
वे लिखते हैं, “आज का मिडल क्लास दो ही रास्तों पर है—या तो दौलत की ओर या चिंता की ओर। अब कोई बीच का रास्ता नहीं बचा।” उनका तर्क है कि आज की पीढ़ी दिखावे को हकीकत समझ बैठी है। “ईएमआई पर खरीदे गए आईफोन से लेकर महंगे ब्रंच तक, आज का मिडल क्लास अमीर दिखना चाहता है, अमीर बनना नहीं।” वे बताते हैं कि 50 हज़ार रुपये की सैलरी में से 20 हज़ार रुपये किराया, 10 हज़ार रुपये की ईएमआई, 5 हज़ार रुपये वीकेंड खर्चों में उड़ जाते हैं—और निवेश के लिए शायद 1 हज़ार रुपये भी नहीं बचते।
“यह वित्तीय आत्महत्या है जिसे लोग ‘बेस्ट लाइफ’ कहकर जी रहे हैं। आज की इंस्टाग्राम ज़िंदगी असली संपत्ति पर भारी पड़ रही है।” लेकिन सबकुछ खत्म नहीं हुआ है। कुछ “चतुर लोग” लंबी और शांत दौड़ दौड़ रहे हैं—बड़े शादी समारोह छोड़ देते हैं, पुरानी कार चलाते हैं या मेट्रो लेते हैं, अपनी आमदनी से कम खर्च करते हैं, जल्दी और लगातार निवेश करते हैं। वे अभी शायद अमीर न दिखें, पर 10 साल में वे वही चीज़ें अपने नाम कर लेंगे जिन्हें बाकी लोग किराये पर लेंगे।
अच्युतन चेतावनी देते हैं, “आप अमीरी का दिखावा हमेशा नहीं कर सकते।” बढ़ती महंगाई, घटती नौकरी सुरक्षा और एआई से बदलती नौकरियों के दौर में वे मिडल क्लास को दो विकल्प चुनने की सलाह देते हैं: “अमीर दिखो और गरीब बनो, या गरीब दिखो और अमीर बनो।”
अंत में वे सलाह देते हैं—हर रुपये का हिसाब रखो, आय का 20–30 प्रतिशत निवेश करो, संपत्तियां बनाओ और पैसों की समझ विकसित करो। “आप आज जो निर्णय लेंगे, वही तय करेगा कि कल आप किस ओर होंगे।”