कोरोना काल में डिजिटल ट्रांजैक्शन को खूब बढ़ावा मिला है। इसी का नतीजा है कि साल 2020-21 में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) के जरिए 2233 करोड़ ट्रांजैक्शन किए गए। इन ट्रांजैक्शंस के जरिए कुल 41 लाख करोड़ रुपए का लेन-देन किया गया है। भारत में UPI को अगस्त 2016 में लॉन्च किया गया था।

4 साल में ट्रांजैक्शन 1200 गुना बढ़ा, लेकिन इनकी वैल्यू सिर्फ 50 गुना बढ़ी
UPI की शुरुआत 2016 में हुई थी। पहले साल यानी 2016-17 में इसके जरिए कुल 1.8 करोड़ ट्रांजैक्शन किए गए। उस साल इन ट्रांजैक्शंस के जरिए 0.7 लाख करोड़ रुपए का लेन-देन हुआ। वहीं बीते साल यानी 2020-21 में इसके जरिए कुल 2233.1 करोड़ ट्रांजैक्शन किए गए। उस साल इन ट्रांजैक्शंस के जरिए 41 लाख करोड़ रुपए का लेन-देन हुआ। यानी बीते 4 साल में ट्रांजैक्शन तो लगभग 1200 गुना बढ़े, लेकिन इनके द्वारा पैसों का लेन-देन यानी ट्रांजैक्शन वैल्यू सिर्फ 50 गुना बढ़ी है। ये दर्शाता है कि बीते सालों में छोटे ट्रांजैक्शन्स की संख्या तेजी से बढ़ी है।

क्या है UPI सेवा?
वॉलेट सर्विस देने वाला हर ऐप UPI के जरिये लेन-देन की डायरेक्ट सुविधा देता है। यानी अगर आप चाहें तो वॉलेट से भी लेन-देन कर सकते हैं और UPI से भी। भारत में ई-पेमेंट के लिए वॉलेट सेवाएं भी उपलब्ध हैं। पूरे देश में जितना ऑनलाइन ट्रांजैक्शन हो रहा है, उसका 50% से भी बड़ा हिस्सा वॉलेट ऐप का है। रिटेल पेमेंट में यह आंकड़ा 85% से भी ऊपर का है।