कंपनी Apple India Pvt Ltd ने बेंगलुरु के वसंत नगर स्थित Embassy Zenith बिल्डिंग में 2.7 लाख वर्गफुट का ऑफिस स्पेस लीज पर लिया है। यह डील 10 साल के लिए की गई है, जिसकी कुल लागत करीब 1,010 करोड़ रुपये बताई जा रही है। कंपनी ने इमारत की 5वीं से लेकर 13वीं मंजिल तक का स्पेस कब्जे में लिया है, जिसमें 1.96 लाख वर्गफुट कारपेट और 2.68 लाख वर्गफुट चार्जेबल एरिया शामिल है। Apple हर महीने 6.315 करोड़ रुपये किराया देगी, जिसमें हर साल 4.5% की बढ़ोतरी तय की गई है।
इसके अलावा कंपनी ने 31.57 करोड़ रुपये का सिक्योरिटी डिपॉजिट भी जमा किया है। दस्तावेजों के अनुसार, Apple भविष्य में ग्राउंड से 4वीं मंजिल तक का अतिरिक्त 1.21 लाख वर्गफुट स्पेस भी लीज पर लेने की योजना बना रही है। इससे ऑफिस का कुल क्षेत्रफल करीब 4 लाख वर्गफुट तक पहुंच सकता है।
Apple का यह विस्तार भारत में उसकी मैन्युफैक्चरिंग और रिटेल रणनीति को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। मुंबई और दिल्ली में स्टोर खोलने के बाद कंपनी अब बेंगलुरु और पुणे में भी रिटेल आउटलेट शुरू करने जा रही है, जिससे साफ है कि Apple भारत को केवल बाजार नहीं, बल्कि ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में देख रहा है।
