टेक कंपनी गूगल ने अपने वार्षिक इवेंट ‘मेड बाय गूगल’ में पिक्सल 10 सीरीज लॉन्च की है। इस सीरीज में पिक्सल 10, पिक्सल 10 प्रो, पिक्सल 10 प्रो XL और पिक्सल 10 प्रो फोल्ड शामिल हैं। इसके साथ ही कंपनी ने पिक्सल वॉच 4, पिक्सल बड्स 2a और बड्स प्रो 2 जैसे वियरेबल डिवाइस भी पेश किए हैं।

गूगल का पिक्सल 10 प्रो फोल्ड दुनिया का पहला IP68 डस्ट-रेजिस्टेंट फोल्डेबल फोन है। कंपनी अपने सभी स्मार्टफोन्स पर सात साल तक OS अपडेट, सिक्योरिटी अपडेट और AI इनोवेशन सपोर्ट देगी। पिक्सल सीरीज के फोन जेमिनी लाइव, वॉइस ट्रांस्लेट, स्क्रीनशॉट एडिट, कॉल नोट्स जैसे कई AI फीचर्स से लैस हैं।

नए फोन्स में गूगल ने मैग्नेटिक वायरलेस चार्जिंग सिस्टम ‘पिक्सल स्नैप’ दिया है, जो Qi2 टेक्नोलॉजी पर आधारित है। यह सिस्टम 15W तक की वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट करता है, जबकि पिक्सल 10 प्रो XL में 23W तक की फास्ट वायरलेस चार्जिंग मिलती है। यह चार्जिंग सिस्टम डिवाइस को सही पोजीशन में लॉक कर तेज और स्थिर चार्जिंग सुनिश्चित करता है।

पिक्सल 10 की कीमत ₹79,999, पिक्सल 10 प्रो XL की ₹1,24,999 और पिक्सल 10 प्रो फोल्ड की ₹1,72,999 तय की गई है। पिक्सल वॉच 4 ₹39,990 और पिक्सल बड्स प्रो 2a ₹12,900 में उपलब्ध होंगे। सभी डिवाइस फिलहाल सिंगल स्टोरेज वैरिएंट में आए हैं और इनकी प्री-बुकिंग शुरू हो चुकी है। पिक्सल 10 सीरीज की डिलीवरी 28 अगस्त से और फोल्डेबल फोन की डिलीवरी 9 अक्टूबर से शुरू होगी। फ्लिपकार्ट और गूगल स्टोर पर उपलब्ध इन डिवाइसेज पर क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करने पर ₹7,000 तक का इंस्टेंट कैशबैक भी मिलेगा।