कंपनी करेगी ₹1,583 करोड़ का निवेश, विशाखापट्टनम में 8,000 नौकरियों के अवसर सृजित करने की योजना

आंध्र प्रदेश सरकार ने Cognizant Technology Solutions को विशाखापट्टनम में आईटी कैंपस स्थापित करने के लिए मात्र 99 पैसे के लीज मूल्य पर 21.31 एकड़ जमीन आवंटित करने का निर्णय लिया है। इस परियोजना के तहत कंपनी ₹1,582.98 करोड़ का निवेश करेगी।

Cognizant की योजना अगले आठ वर्षों में क्षेत्र में करीब 8,000 नौकरियों के अवसर पैदा करने की है, जिससे राज्य के आईटी इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी। कंपनी ने विशाखापट्टनम मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (VMRDA) के तहत कपुलउप्पाड़ा में इस जमीन की मांग की थी।

परियोजना के तहत मार्च 2029 तक वाणिज्यिक संचालन शुरू करने की योजना है, और पूरा निवेश स्व-वित्तपोषित (100% सेल्फ फंडेड) होगा।

यह डील राज्य सरकार द्वारा गुरुवार को मंजूर किए गए 19 औद्योगिक परियोजनाओं का हिस्सा है, जिनकी कुल लागत ₹28,546 करोड़ है। इनमें अडाणी समूह द्वारा ₹18,910 करोड़ का निवेश भी शामिल है। अन्य प्रमुख परियोजनाओं में रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स द्वारा ओरवकल में ₹1,622 करोड़, चिंता ग्रीन एनर्जी द्वारा कडप्पा में ₹2,323 करोड़ और रेमंड द्वारा विभिन्न स्थानों पर ₹1,201 करोड़ का निवेश शामिल है।

यह समझौता आंध्र प्रदेश के आईटी मंत्री नारा लोकेश और Cognizant के CEO एस. रवि कुमार के बीच इस साल की शुरुआत में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (दावोस) में हुई मुलाकात के बाद सामने आया। उस बैठक में नारा लोकेश ने कंपनी को विशाखापट्टनम जैसे टियर-2 शहरों में निवेश करने के लिए प्रेरित किया था।