भारत के प्रमुख एंटरप्रेन्योरियल इकोसिस्टम प्लेटफॉर्म ई-रूफ ने अपने फ्लैगशिप इवेंट ‘ई-रूफ एनुअल 2026’ के छठे संस्करण की आधिकारिक घोषणा कर दी है। यह कार्यक्रम 26 जुलाई 2026 को आयोजित होगा। पिछले छह वर्षों से कम्युनिटी आधारित ग्रोथ को बढ़ावा देने और 100 से अधिक हाई-इम्पैक्ट वर्कशॉप आयोजित करने के बाद, इस बार का आयोजन भविष्य की टेक्नोलॉजी और कंटेंट क्रिएशन पर खास फोकस करेगा। इसमें खास तौर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स इंडस्ट्री को केंद्र में रखा गया है। इस बड़े आयोजन में 350 से अधिक फाउंडर्स, टेक एक्सपर्ट्स, वेंचर कैपिटलिस्ट्स और क्रिएटिव प्रोफेशनल्स एक मंच पर आएंगे, ताकि अलग-अलग क्षेत्रों के बीच सहयोग बढ़े, नए आइडिया साझा हों और अगली पीढ़ी के स्टार्टअप्स को आगे बढ़ने का अवसर मिले।

इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. निशांत खरे विशिष्ट अतिथि रहेंगे। उभरती हुई टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में इनोवेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में टेक्नोलॉजी, एंटरप्रेन्योरशिप, क्रिएटिविटी और बिजनेस लीडरशिप से जुड़े कई प्रमुख विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे। इनमें एचडीएफसी म्यूचुअल फंड के चीफ मार्केटिंग ऑफिसर हरीश नारायण, कैपजेमिनी के चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर और एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट मुकेश जैन, सिस्टैंगो की सीईओ और को-फाउंडर विनिता राठी, अपॉइंटी के फाउंडर और सीईओ निमेश सिंह, तथा ग्रीन गोल्ड एनिमेशन के फाउंडर और डायरेक्टर और लोकप्रिय किरदार छोटा भीम के निर्माता राजीव चिलाका शामिल हैं।

क्रिएटिविटी और इनोवेशन से जुड़े सत्रों को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव टेक्नोलॉजीज़ के फाउंडिंग डायरेक्टर और रिलायंस बिग एनिमेशन के सीईओ आशीष कुलकर्णी, वैभव स्टूडियो के फाउंडर और क्रिएटिव डायरेक्टर तथा इंटरनेशनल एमी के लिए नॉमिनेटेड एनिमेशन फिल्ममेकर वैभव कुमारेश, और द एनिमेशन सोसायटी ऑफ इंडिया के फाउंडिंग ट्रस्टी और वैभव स्टूडियो के चीफ क्रिएटिव प्रोड्यूसर रंजीत सिंह और भी समृद्ध बनाएंगे। ये सभी विशेषज्ञ एंटरप्रेन्योरशिप, टेक्नोलॉजी, ब्रांडिंग, एनिमेशन, AI और भविष्य के इनोवेशन जैसे विषयों पर अपने अनुभव साझा करेंगे और नई पीढ़ी के फाउंडर्स और क्रिएटर्स को प्रेरित करेंगे।

ई-रूफ के फाउंडर हिमांशु चतुर्वेदी ने कहा, “छठे वर्ष में प्रवेश करते हुए ‘ई-रूफ एनुअल 2026’, मध्य भारत की एंटरप्रेन्योरशिप क्षमता का मजबूत उदाहरण बनकर सामने आया है। आज एआई और एवीजीसी सेक्टर दुनिया के बिज़नेस माहौल को तेजी से बदल रहे हैं। भारत के बेहतरीन टेक इनोवेटर्स, क्रिएटिव लीडर्स और दूरदर्शी नीति-निर्माताओं को एक मंच पर लाकर ई-रूफ इनोवेशन के लिए एक मजबूत माहौल तैयार कर रहा है। हमारा उद्देश्य साफ है कि सार्थक साझेदारियां बनें, निवेश के नए अवसर खुलें और मध्य प्रदेश के स्टार्टअप्स को ऐसा ज्ञान और नेटवर्क मिले, जिसकी मदद से वे यहीं से वैश्विक स्तर की कंपनियां बना सकें।”

इकोसिस्टम को मजबूत बनाने के उद्देश्य से आयोजित ‘ई-रूफ एनुअल 2026’ में इंडस्ट्री से जुड़े सेशंस, पैनल डिस्कशन और कीनोट सेशंस के साथ स्टार्टअप्स और इन्वेस्टर्स के लिए विशेष नेटवर्किंग सेशंस भी होंगे, जिनका उद्देश्य शुरुआती और ग्रोथ स्टेज के स्टार्टअप्स के लिए निवेश के अवसर बढ़ाना है। इस फ्लैगशिप आयोजन में कम्युनिटी शोकेस भी होगा, जिसमें सफलता की कहानियां प्रस्तुत की जाएंगी। साथ ही ‘ई-रूफ एनुअल अवॉर्ड्स’ के ज़रिये एंटरप्रेन्योरशिप क्षेत्र में बेहतरीन काम करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। इंडस्ट्री, शिक्षण संस्थानों और स्टार्टअप इकोसिस्टम के बीच बेहतर सहयोग को बढ़ावा देकर यह आयोजन नई पीढ़ी के इनोवेटर्स को प्रेरित करने और लंबे समय तक मजबूत साझेदारियां बनाने की दिशा में काम करेगा, जिससे टिकाऊ आर्थिक विकास को गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *