देशी खिलौनों के निर्माण और निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए उठाए जाएंगे ठोस कदम

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पियुष गोयल ने कहा है कि सरकार जल्द ही भारतीय खिलौना उद्योग को मज़बूती देने के लिए एक नई योजना शुरू करने जा रही है। यह योजना डिज़ाइन क्षमताओं के विकास, निर्माण की गुणवत्ता सुधारने, बेहतर पैकेजिंग और ब्रांडिंग को बढ़ावा देने पर आधारित होगी।

गोयल ने यह घोषणा नई दिल्ली में आयोजित 16वें Toy Biz International B2B एक्सपो 2025 के उद्घाटन सत्र में की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत ने खिलौनों के आयात को कम कर, घरेलू उत्पादन और निर्यात को बढ़ाया है। वर्तमान में भारत 153 से अधिक देशों में खिलौनों का निर्यात कर रहा है।

उन्होंने बताया कि इस बदलाव के पीछे सरकार द्वारा लागू किए गए गुणवत्ता नियंत्रण आदेश (QCO), नीति-समर्थन और स्थानीय निर्माण क्लस्टरों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। MSME मंत्रालय की ओर से देशभर में 18 खिलौना क्लस्टर विकसित किए गए हैं, जो उद्योग को संगठित रूप दे रहे हैं।

स्टार्टअप्स को भी प्रोत्साहित करने के लिए प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत वित्तीय सहायता दी जा रही है। गोयल ने यह भी कहा कि भारत की विशाल जनसंख्या एक कैप्टिव मार्केट प्रदान करती है, जिससे उत्पादन बढ़ाने और लागत घटाने में मदद मिलती है।