नई दिल्ली: होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) ने भारतीय बाजार में अपनी दो नई प्रीमियम मोटरसाइकिलों को E-Clutch तकनीक के साथ लॉन्च कर दिया है। कंपनी का दावा है कि यह नई तकनीक राइडिंग को पहले से अधिक आसान, आरामदायक और सुविधाजनक बनाएगी।
होंडा की नई CB650R और CBR650R मोटरसाइकिलों में पहली बार E-Clutch तकनीक दी गई है। इस सिस्टम की मदद से राइडर बिना क्लच लीवर दबाए आसानी से गियर बदल सकता है। हालांकि, जरूरत पड़ने पर क्लच लीवर का इस्तेमाल सामान्य तरीके से भी किया जा सकता है।
दोनों मोटरसाइकिलों में 649cc, इनलाइन 4-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया गया है, जो दमदार प्रदर्शन के साथ स्मूद राइडिंग का अनुभव प्रदान करता है। इसके अलावा बाइक में फुल LED लाइटिंग, TFT डिजिटल डिस्प्ले, Honda RoadSync कनेक्टिविटी, ड्यूल-चैनल ABS, ट्रैक्शन कंट्रोल और प्रीमियम सस्पेंशन जैसे आधुनिक फीचर्स भी शामिल किए गए हैं।
कीमत की बात करें तो Honda CB650R E-Clutch की एक्स-शोरूम कीमत ₹9.60 लाख रखी गई है, जबकि Honda CBR650R E-Clutch की एक्स-शोरूम कीमत ₹10.40 लाख है। दोनों मॉडल देशभर के Honda BigWing डीलरशिप पर बुकिंग के लिए उपलब्ध हैं।
कंपनी का कहना है कि E-Clutch तकनीक खासतौर पर शहर के ट्रैफिक में राइडिंग को आसान बनाने के साथ-साथ लंबी दूरी की यात्रा के दौरान भी बेहतर अनुभव प्रदान करेगी। इस लॉन्च के साथ होंडा ने भारतीय प्रीमियम मोटरसाइकिल सेगमेंट में अपनी मौजूदगी को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है।

