लग्ज़री कार निर्माता मर्सिडीज-बेंज इंडिया ने भारतीय बाजार में अपनी नई S-Class लॉन्च कर दी है। कंपनी ने इस फ्लैगशिप लग्ज़री सेडान को दो वेरिएंट्स में पेश किया है, जिनकी एक्स-शोरूम कीमत ₹2.20 करोड़ से ₹2.38 करोड़ के बीच रखी गई है। नई S-Class की डिलीवरी अक्टूबर 2026 से शुरू होने की उम्मीद है।
नई S-Class की सबसे बड़ी खासियत यह है कि पहली बार भारतीय बाजार में इसे प्लग-इन हाइब्रिड इलेक्ट्रिक व्हीकल (PHEV) विकल्प के साथ भी पेश किया गया है। इसके साथ ही अब ग्राहकों के पास पेट्रोल (ICE), बैटरी इलेक्ट्रिक (BEV) और प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) तीनों पावरट्रेन विकल्प उपलब्ध होंगे।
मर्सिडीज-बेंज इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीईओ संतोष अय्यर ने लॉन्च के दौरान कहा कि S-Class हमेशा से लग्ज़री, आराम और आधुनिक तकनीक का वैश्विक मानक रही है। भारत में भी यह कंपनी के टॉप-एंड लग्ज़री सेगमेंट की सबसे लोकप्रिय कारों में शामिल है। उन्होंने कहा कि नई S-Class हर सीट पर फर्स्ट-क्लास आराम, बेहतरीन ड्राइविंग अनुभव, उच्च सुरक्षा, आधुनिक डिजिटल तकनीक और व्यक्तिगत अनुभव का नया स्तर प्रदान करती है।
उन्होंने बताया कि नई S-Class में 2,700 से अधिक नए और अपडेटेड कंपोनेंट्स जोड़े गए हैं, जिससे इसकी आरामदायक ड्राइव, सुरक्षा, डिजिटल फीचर्स और ओवरऑल रिफाइनमेंट पहले से कहीं अधिक बेहतर हो गई है। कंपनी को भरोसा है कि यह मॉडल भारतीय ग्राहकों की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरेगा और S-Class की विरासत को आगे बढ़ाएगा।
संतोष अय्यर ने कहा कि मर्सिडीज-बेंज की रणनीति किसी एक पावरट्रेन तक सीमित नहीं है। भारतीय ग्राहकों के बीच प्लग-इन हाइब्रिड वाहनों की बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनी पहली बार S-Class में S 450 e PHEV वेरिएंट लेकर आई है। उनका कहना है कि अब ग्राहक अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार ICE, BEV या PHEV में से किसी भी विकल्प का चयन कर सकते हैं।
नई S-Class के साथ मर्सिडीज-बेंज ने एक बार फिर भारतीय लग्ज़री कार बाजार में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। आधुनिक तकनीक, शानदार इंटीरियर, बेहतर सुरक्षा और नए हाइब्रिड विकल्प के साथ यह मॉडल प्रीमियम सेडान सेगमेंट में ग्राहकों के लिए एक नया विकल्प साबित हो सकता है।