ओला इलेक्ट्रिक ने 16 अक्टूबर को अपना पहला नॉन-व्हीकल प्रोडक्ट ‘ओला शक्ति’ लॉन्च किया है। यह एक होम बैटरी सिस्टम है, जो सोलर या ग्रिड से बिजली स्टोर कर घर के उपकरणों को पावर देता है। इसकी शुरुआती कीमत ₹29,999 रखी गई है और इसे केवल ₹999 में वेबसाइट या स्टोर से बुक किया जा सकता है। कंपनी मकर संक्रांति 2026 से इसकी डिलीवरी शुरू करेगी।

पूरी तरह भारत में डिजाइन, इंजीनियर और निर्मित यह ओला इलेक्ट्रिक का पहला रेसिडेंशियल बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) है। इसमें 4680 भारत सेल्स लगे हैं और यह AC, फ्रिज, इंडक्शन कुकटॉप, फार्म पंप और अन्य घरेलू उपकरणों को पावर दे सकता है। यह EV बैटरी जैसा ही सिस्टम है, लेकिन घरेलू उपयोग के लिए डिजाइन किया गया है।

ओला शक्ति दो घंटे में फुल चार्ज हो जाता है और फुल लोड पर 1.5 घंटे तक बैकअप देता है। यह 120V से 290V तक वोल्टेज रेंज संभाल सकता है, जिससे वोल्टेज फ्लक्चुएशन से उपकरण सुरक्षित रहते हैं। इसकी IP67 रेटेड वेदरप्रूफ बैटरी धूल, पानी और मानसून जैसी स्थितियों को झेल सकती है।

लॉन्च के दौरान ओला इलेक्ट्रिक के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर भाविश अग्रवाल ने कहा कि “ओला शक्ति पर्सनल एनर्जी यूज को पूरी तरह बदल देगा। यह पावर बैकअप, सोलर स्टोरेज और वोल्टेज स्टेबलाइजेशन—all-in-one सॉल्यूशन है।”

साधारण इन्वर्टर की तुलना में ओला शक्ति एक पूरा एनर्जी स्टोरेज सॉल्यूशन है। जहां इन्वर्टर सिर्फ बिजली कटने पर DC को AC में बदलता है, वहीं ओला शक्ति बिजली स्टोर करने, सोलर एनर्जी सेव करने, वोल्टेज स्टेबल रखने और पोर्टेबल उपयोग जैसी सभी सुविधाएं एक साथ देता है। इसमें 1.5 kWh से 9.1 kWh तक की बिल्ट-इन हाई कैपेसिटी बैटरी लगी है, जो मेंटेनेंस-फ्री और वेदरप्रूफ है।