– सैमसंग गैलेक्सी फोल्ड से मिल रहा डिजाइन

नई दिल्ली। ओप्पो अपना पहला फोल्डेबल स्मार्टफोन फाइंड एन (Find N) 15 दिसंबर को लॉन्च करने जा रही है। एक दिन पहले कंपनी ने इसका टीजर भी जारी किया था। हालांकि, लॉन्चिंग से पहले इस स्मार्टफोन की रेंडर सामने आ गए हैं। इन रेंडर को हम फोटो भी मान सकते हैं। रेंडर में फोन का डिजाइन, कैमरा पोजीशन, डिस्प्ले एरिया सब कुछ देखा जा सकता है। इन फोटो को सोशल मीडिया यूजर इवान ब्लास @evleaks ने लीक किए हैं।

इवान ने इस फोन को चार रेंडर लीक किए हैं। जिसमें फोन का डिजाइन एकदम साफ नजर आ रहा है। रेंडर में फोन के तीन कलर ऑप्शन भी दिख रहे हैं। ये किताब की तरह खुलने वाला फोल्डेबल स्मार्टफोन होगा। फोन के फ्रंट में डिस्प्ले स्क्रीन लगी है। ये पंच होल डिस्प्ले है, जिसके सेंटर में सेल्फी कैमरा लगा है। एक रेंडर में साइड पंच होल डिस्प्ले है। बैक साइड में ट्रिपल कैमरा पैनल दिख रहा है। खुलने वाले दोनों पार्ट में नीचे की तरफ स्पीकर ग्रिल दी है। चार्जिंग के लिए टाइप-C पोर्ट दिख रहा है। इसके रेंडर सैमसंग गैलेक्सी फोल्ड के जैसा है।

रेंडर को फोन के डिजाइन के हिसाब से तैयार किया जाता है। हालांकि, रेंडर में फोन जैसा दिख रहा है वैसा ही डिजाइन होगा, ये बात तय नहीं है। सोशल मीडिया पर कई अलग-अलग स्मार्टफोन से जुड़े रेंडर्स आते रहते हैं। फोन के सही डिजाइन से 15 दिसंबर को ही पर्दा उठेगा।