वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। देशभर में टोल टैक्स कम होने जा रहा है और नए रेट अगले हफ्ते से लागू होने की तैयारी है। खासतौर पर छोटी गाड़ियों को इससे फायदा होने के आसार हैं। नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को नए फार्मूले के तहत टोल दरें तय करने के निर्देश दिए हैं।
एनएचएआई ने 29 सितंबर को चंडीगढ़ से जारी पत्र में सभी प्रोजेक्ट डायरेक्टर्स को अपने अधीन टोल प्लाजा के लिए महंगाई दर वर्ष 2004-05 की बजाय 2011-12 को आधार मानकर नई टोल दरें प्रस्तावित करने को कहा है। देशभर में टोल कंपनियां हर साल अप्रैल में नई दरें लागू करती हैं। इस साल अप्रैल में टोल दरों में 5 से 7 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई थी, लेकिन अब नई गणना के आधार पर छोटी गाड़ियों के टोल में 5 से 10 रुपये तक की कमी होने की संभावना है।
चंडीगढ़ क्षेत्रीय कार्यालय के अनुसार, 2004-05 के हिसाब से लिंकिंग फैक्टर 1.641 था, जो 2011-12 को आधार मानने पर 1.561 रह गया है, जिससे टोल दरों में कमी आ रही है। इसका मतलब है कि अप्रैल में की गई बढ़ोतरी वापस हो सकती है और टोल रेट पिछले साल के स्तर पर लौट सकते हैं।
देश में 1.5 लाख किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों पर 1,087 टोल प्लाजा हैं, जिनसे हर साल लगभग 61 हजार करोड़ रुपये और प्रतिदिन औसतन 168 करोड़ रुपये टोल शुल्क वसूला जाता है। हरियाणा में 55 टोल प्लाजा हैं, जिनसे प्रतिदिन करीब 9 करोड़ रुपये का राजस्व आता है। हिसार कार्यालय के अधीन 10 टोल हैं, जिनसे रोजाना 1.68 करोड़ रुपये वसूले जाते हैं।
