टेस्ला इंडिया मोटर एंड एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड ने दिल्ली और मुंबई के बाद अब गुरुग्राम में अपना तीसरा शोरूम खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। कंपनी ने सोहना रोड स्थित ऑर्किड बिजनेस पार्क में लगभग 51,000 वर्ग फुट का एरिया 9 साल की लीज पर लिया है, जहां शोरूम, सर्विस सेंटर और वेयरहाउस विकसित किया जाएगा।
CRE मैट्रिक्स के दस्तावेजों के अनुसार, टेस्ला ने 33,475 वर्ग फुट का चार्जेबल एरिया किराए पर लिया है। लीज 15 जुलाई 2025 से प्रभाव में आई है और इसका रजिस्ट्रेशन 28 जुलाई को हुआ। पहले साल के लिए मासिक किराया 40.17 लाख रुपए तय किया गया है, जिसमें सालाना वृद्धि की शर्त शामिल है।
कंपनी ने सिक्योरिटी डिपॉजिट के रूप में 2.41 करोड़ रुपए जमा किए हैं और हर माह की 7 तारीख से पहले किराया चुकाना होगा । इस प्रॉपर्टी में 51 पार्किंग स्पेस उपलब्ध हैं, जिससे ग्राहकों और कर्मचारियों को सुविधा मिलेगी। यह स्थान गुरुग्राम के व्यावसायिक और रिहायशी क्षेत्रों के करीब है, जिससे ग्राहकों की पहुंच आसान होगी।
टेस्ला यहां अपने प्रीमियम इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री, सर्विस और स्टॉकिंग करेगी। साथ ही, कंपनी गुरुग्राम में सुपरचार्जर नेटवर्कभी स्थापित करने की योजना बना रही है। एनसीआर में ईवी की बढ़ती मांग, सरकारी योजनाएं और पर्यावरणीय जागरूकता टेस्ला के लिए इस क्षेत्र को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बनाती हैं।
