पहला ऑर्डर सिर्फ 700 रुपए का था, अब उड़ान के साथ मिलकर बनी 12 हजार करोड़ की कंपनी

इंदौर में शुरू हुआ स्टार्टअप शॉप किराना अब देश के यूनिकॉर्न स्टार्टअप उड़ान का हिस्सा बन गया है। उड़ान ने इस तेजी से बढ़ते रीटेल टेक प्लेटफॉर्म को करीब 1000 करोड़ रुपए में टेकओवर किया है। इस अधिग्रहण के बाद दोनों कंपनियां मिलकर अब 12 हजार करोड़ रुपए की संयुक्त इकाई बन चुकी हैं।

उड़ान की ओर से जारी बयान में कहा गया कि शॉप किराना की इंदौर, भोपाल, लखनऊ, आगरा, सूरत और मेरठ जैसे छोटे और मझोले शहरों में मजबूत पकड़, उड़ान की राष्ट्रीय बाजार उपस्थिति को और सशक्त बनाएगी।

गौरतलब है कि शॉप किराना की शुरुआत एक छोटे स्तर से हुई थी और इसका पहला ऑर्डर मात्र 700 रुपए का था। आज यह स्टार्टअप देशभर में किराना स्टोर्स के लिए एक भरोसेमंद सप्लाई चेन नेटवर्क बन चुका है।

यह अधिग्रहण न सिर्फ इंदौर बल्कि पूरे भारत के टियर-2 और टियर-3 शहरों के लिए एक प्रेरणादायक सफलता की कहानी है, जो यह साबित करता है कि छोटे शहरों से निकली सोच भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छाप छोड़ सकती है।