सरकारी कंपनियों के शेयर्स बढ़े, पेटीएम में 17% की तेजी

मुंबई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 323 पॉइंट्स (0.55%) गिरावट के साथ 58,340 पर बंद हुआ। जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 88 अंक (0.55%) गिर कर 17,415 पर बंद हुआ। इस दौरान सरकारी कंपनियों के शेयर्स में तेजी रही। दो दिनों तक 39% गिरने वाला पेटीएम का शेयर्स आज 17% से ज्यादा बढ़कर 1,753 रुपए पर बंद हुआ।

बढ़त के साथ खुला था बाजार : आज सुबह BSE का सेंसेक्स 175 अंकों की बढ़त के साथ 58,839 पर खुला था। दिन में इसने 58,968 का हाई बनाया जबकि 58,143 का निचला स्तर बनाया। सेंसेक्स के 30 शेयर्स में से 22 शेयर्स गिरावट के साथ बंद हुए। 8 शेयर्स बढ़त के साथ बंद हुए। बढ़ने वाले शेयर्स में कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फाइनेंस और आईसीआईसीआई बैंक प्रमुख रहे। गिरावट वाले शेयर्स में मारुति और इंफोसिस के शेयर्स 2-2% टूटे। रिलायंस 1.48% टूटा जबकि टेक महिंद्रा, नेस्ले और टाटा स्टील भी गिरकर बंद हुए।

सरकारी कंपनियों के शेयर्स में तेजी : दो सरकारी बैंकों के प्राइवेटाइजेशन की खबर से इनके शेयर्स तेजी में हैं। इंडियन ओवरसीज बैंक का शेयर 13% की तेजी के साथ 22.45 रुपए पर और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का शेयर 10.46% की तेजी के साथ 22.70 रुपए पर बंद हुआ। ऐसी उम्मीद है कि शीतकालीन सत्र में केंद्र सरकार दोनों के प्राइवेटाइजेशन की घोषणा कर सकती है। बैंक ऑफ महाराष्ट्र का शेयर 6% की तेजी के साथ 20.55 रुपए पर रहा। सुबह में यह तीनों शेयर्स 12-12% से ऊपर बढ़ गए थे।

पेटीएम के शेयर्स में 17.27% की तेजी : उधर पेटीएम का शेयर आज दूसरे दिन 17.27% तेजी के साथ 1,753 रुपए के ऊपर बंद हुआ। दो दिनों में 39% गिरने के बाद दो दिनों में यह 25% से ज्यादा बढ़ गया है। हालांकि इश्यू प्राइस की तुलना में यह अभी भी प्रति शेयर 400 रुपए नीचे है। इसका मार्केट कैप 1.11 लाख करोड़ रुपए हो गया है।

निफ्टी में 54 पॉइंट्स की तेजी : उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 17,550 पर खुला था। इसने 17,600 का ऊपरी स्तर बनाया। 17,354 का इसने निचला स्तर बनाया। इसके 50 शेयर्स में से 36 शेयर्स गिरावट में रहे, जबकि 12 शेयर्स बढ़त में रहे। निफ्टी बैंक और निफ्टी फाइनेंशियल इंडेक्स में तेजी रही, जबकि मिडकैप इंडेक्स गिरावट में बंद हुआ।

निफ्टी के बढ़ने वाले प्रमुख शेयर में अडाणी पोर्ट, ONGC, कोल इंडिया और इंडियन ऑयल रहे। गिरावट में मारुति का शेयर 2% नीचे रहा। टेक महिंद्रा और डिवीज लैब भी गिरावट वाले शेयर्स हैं। इससे पहले कल बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 198 पॉइंट्स (0.34%) तेजी के साथ 58,664 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 87 अंक (0.5%) तेजी के साथ 17,503 पर बंद हुआ।