शेयर बाजार (Share Market) में लगातार गिरावट का दौर जारी है और तमाम बड़ी कंपनियों के शेयर धराशायी नजर आ रहे हैं. इसमें मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर के साथ ही, उनके छोटे भाई अनिल अंबानी की कंपनी का स्टॉक भी शामिल है, जो महज पांच दिन में ही 18 फीसदी से ज्यादा फिसला है. हम बात कर रहे हैं रिलायंस पावर (Reliance Power Share) की, लेकिन अब इस कंपनी को लेकर एक गुड न्यूज आई है, जिसका असर कंपनी के स्टॉक पर देखने को मिल सकता है.

दूसरी तिमाही में ताबड़तोड़ कमाई

अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस पावर ने अपनी दूसरी तिमाही के नतीजों (Reliance Power Q2 Results) का ऐलान कर दिया है और जुलाई-सितंबर 2024 तिमाही में इसके प्रॉफिट में बड़ा उछाल आया है. लगातार घाटे में चल रही कंपनी मुनाफे में आ चुकी है. इसके साथ ही रिलायंस पावर पर अब  कर्ज मुक्त Reliance Power Debt Free) कंपनी है. बीते साल समान तिमाही में कंपनी ने 237.76 करोड़ रुपये का घाटा दर्ज किया था, जबकि इस बार दूसरी तिमाही में कंपनी का  कंसोलिडेटेड प्रॉफिट 2,878.15 करोड़ रुपये रहा है. रिलायंस पावर की सब्सिडियरी कंपनी के डीकंसोलिडेशन का इस मुनाफे में बड़ा रोल रहा है. 

शेयर पर दिख सकता है असर! 

घाटे से मुनाफे में आई अनिल अंबानी की कंपनी के तिमाही नतीजों का असर इसके शेयरों पर दिखाई दे सकता है, जो बीते पांच कारोबारी दिनों में 18 फीसदी से ज्यादा टूट चुके हैं. बीते कारोबारी दिन बुधवार को Reliance Power Share 37.60 रुपये के लेवल पर ओपन हुआ था और मार्केट क्लोज होने पर लोअर सर्किट के साथ 36.46 रुपये पर बंद हुआ था.