ICICI बैंक ने खाताधारकों को राहत देते हुए सेविंग अकाउंट का मिनिमम बैलेंस घटाकर ₹15,000 कर दिया है। पहले मेट्रो और शहरी इलाकों में यह लिमिट ₹50,000 थी। अब सेमी-अर्बन क्षेत्रों में यह ₹7,500 और ग्रामीण इलाकों में ₹2,500 रहेगी। निर्धारित सीमा से कम बैलेंस होने पर पेनल्टी लागू होगी। यह नियम 1 अगस्त 2025 के बाद खोले गए नए खातों पर लागू होगा।

बैंक ने चार दिन पहले ही आदेश जारी कर मेट्रो व शहरी इलाकों के लिए मिनिमम बैलेंस ₹50,000, सेमी-अर्बन के लिए ₹25,000 और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए ₹10,000 तय किया था। उस फैसले के बाद ग्राहकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका जताई जा रही थी।

इस बीच, RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने स्पष्ट किया कि सेविंग अकाउंट में न्यूनतम बैलेंस तय करने का निर्णय बैंकों का होता है, इसमें RBI की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने यह बयान गुजरात में फाइनेंशियल इन्क्लूजन से जुड़े एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के सवाल पर दिया।