नीरव मोदी और बहन प्रूवी मोदी की जब्त संपत्तियों में आभूषण, घड़ियां, नकद और प्रॉपर्टी शामिल; PNB घोटाले में अब तक ₹2,324.97 करोड़ की संपत्ति जब्त, कुल नुकसान ₹8,526 करोड़

पंजाब नेशनल बैंक (PNB) धोखाधड़ी मामले में भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी और उनकी बहन प्रूवी मोदी की कुल ₹66.33 करोड़ की संपत्तियां अब आधिकारिक तौर पर पंजाब नेशनल बैंक को मिलेंगी। मुंबई स्थित विशेष पीएमएलए (PMLA) अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा दायर आवेदन को मंजूरी देते हुए यह आदेश दिया।

क्या-क्या संपत्तियां शामिल हैं

अदालत के आदेश के अनुसार नीरव मोदी के मुंबई के वर्ली इलाके में स्थित आलीशान ‘समुद्र महल’ अपार्टमेंट से बरामद की गईं आभूषण, बेशकीमती घड़ियां, सोने-चांदी के सिक्के और नकद, जिसकी कुल कीमत ₹40.83 करोड़ आंकी गई है। इसके अलावा प्रूवी मोदी के नाम पर एक फ्लैट जिसकी कीमत लगभग ₹19.50 करोड़ है, भी PNB को सौंपा जाएगा। इन सबके साथ ₹5.99 करोड़ की अन्य संपत्तियां भी शामिल हैं।

ED ने नहीं जताई आपत्ति:

प्रवर्तन निदेशालय ने इस संपत्ति ट्रांसफर पर कोई आपत्ति नहीं जताई। हालांकि अदालत ने PNB से यह शर्त रखी है कि अगर भविष्य में ED को इस राशि की ज़रूरत हुई तो बैंक उसे वापस करेगा।

PNB घोटाले का बैकग्राउंड:

हीरा कारोबारी नीरव मोदी ने वर्ष 2011 से 2017 के बीच PNB से फर्जी LoUs (लेटर ऑफ अंडरटेकिंग) के ज़रिए ₹8,526 करोड़ का घोटाला किया था। नीरव मोदी वर्तमान में लंदन की जेल में बंद है और उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया चल रही है। अब तक ED द्वारा इस मामले में ₹2,324.97 करोड़ मूल्य की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं।

PNB इन संपत्तियों को नीलामी के जरिए भुनाएगा ताकि घोटाले के चलते हुए घाटे की कुछ भरपाई की जा सके।