-शुरुआती कारोबार में 400 अंक से अधिक उछला सेंसेक्स, निफ्टी में भी रही तेजी
नई दिल्ली। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन यानी कि सोमवार को शेयर बाजार बढ़त के साथ खुले। सोमवार को सुबह के शुरुआती कारोबार के दौरान बीएसई और एनएसई दोनों में ही अच्छी तेजी देखने को मिली। आज सुबह शुरुआती कारोबार के दौरान बीएसई का मेन इंडेक्स सेंसेक्स 402.49 अंक यानी कि, 0.68 फीसद की तेजी के साथ 59,189.16 अंक पर कारोबार कर रहा था। वहीं आज शुरुआती कारोबार के दौरान एनएसई का मेन इंडेक्स निफ्टी भी 126.10 अंक यानी कि, 0.72 फीसद की बढ़त के साथ 17,637.40 अंक पर ट्रेड कर रहा था।
बीएसई की मेन वेबसाइट से मिले आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 9 बजकर 25 मिनट पर शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स पैक में POWERGRID, AXISBANK, TATASTEEL, NTPC, SUNPHARMA, ICICIBANK, ASIANPAINT, MARUTI, ULTRACEMCO, TITAN, LT, HDFC, INDUSINDBK, BHARTIARTL, KOTAKBANK, DRREDDY, BAJAJ-AUTO, SBIN, HDFCBANK, HINDUNILVR, ITC, BAJAJFINSV, HCLTECH, TECHM, NESTLEIND, INFY, TCS, M&M, और RELIANCE के शेयर हरे निशान पर कारोबार करते हुए देखे गए। जहां आज सुबह लगभग सभी कंपनियों के शेयर में तेजी देखी गई तो वहीं खबर लिखे जाने तक BAJFINANCE के शेयर लाल निशान पर कारोबार करते हुए पाए गए।
पिछले कारोबारी दिन बंद का हाल : इससे पिछले कारोबारी दिन यानी कि शुक्रवार को शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था। शुक्रवार को सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन के समाप्त होने पर सेंसेक्स और निफ्टी गिर कर बंद हुए थे। शुक्रवार को बीएसई का मेन इंडेक्स सेंसेक्स गिरावट के साथ 58,786 अंक पर बंद हुआ था। वहीं एनएसई का मेन इंडेक्स निफ्टी भी गिरकर 17511 अंक पर बंद हुआ था।
तेगा इंडस्ट्रीज के शेयर्स उछाल के साथ हुए लिस्ट : बाजार में तेजी के बीच तेगा इंडस्ट्रीज के शेयरों ने आज स्टॉक एक्सचेंजों में शानदार शुरुआत की। कंपनी के शेयरों ने आईपीओ मूल्य 453 रुपये प्रति शेयर से ऊपर 753 रुपये प्रति शेयर यानी कि 66.23 फीसद से ऊपर कारोबार करना शुरू किया। तेगा इंडस्ट्रीज के सार्वजनिक निर्गम को इस महीने की शुरुआत में निवेशकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी। माइनिंग इंडस्ट्रीज में उपयोग होने वाली सामग्री का निर्माण करने वाली कंपनी तेगा इंडस्ट्रीज के आइपीओ को इसके सब्सक्रिप्शन के आखिरी दिन काफी अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। कंपनी के आइपीओ को सदस्यता के आखिरी 219 गुना से अधिक बोलियां प्राप्त हुई थीं। इस दौरान गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी को 666.19 गुना, योग्य संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) को 215.45 गुना और खुदरा निवेशकों (आरआईआई) को 29.44 गुना सब्सक्रिप्शन प्राप्त हुआ था। कंपनी ने 8 दिसंबर को शेयर आवंटन की घोषणा की थी। तेगा इंडस्ट्रीज ने अपने इस आइपीओ के जरिए 619.23 करोड़ रुपये जुटाए हैं। कंपनी के द्वारा शेयरों की बिक्री के लिए 443 से 453 रुपये का प्राइस रेंज तय किया गया था। आपको बताते चलें कि, तेगा इंडस्ट्रीज ने 14 एंकर निवेशकों से 186 करोड़ रुपये जुटाए, जिन्हें 453 रुपये प्रति शेयर के ऊपरी मूल्य बैंड पर 41,00,842 इक्विटी शेयर आवंटित किए गए थे।
