अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को फिर से BRICS देशों को 10% टैरिफ लगाने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन डॉलर को कमजोर करने और उसकी जगह किसी और मुद्रा को वैश्विक मानक बनाने के लिए बनाया गया है। ट्रंप ने स्पष्ट रूप से कहा कि अगर कोई BRICS का सदस्य है, तो उसे केवल इसी वजह से 10% शुल्क देना होगा। उन्होंने दावा किया कि पिछले साल दी गई चेतावनी के बाद BRICS “लगभग टूट चुका” है और अब कोई गंभीर खतरा नहीं है।
ट्रंप ने कहा कि अगर अमेरिका ने डॉलर का वैश्विक मानक खो दिया, तो वह युद्ध हारने जैसा होगा। उन्होंने दोहराया, “डॉलर ही राजा है और हम उसे ऐसा ही बनाए रखेंगे।” यह बयान ऐसे समय आया है जब BRICS, जिसमें अब ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका के साथ मिस्र, इथियोपिया, ईरान, यूएई और इंडोनेशिया भी शामिल हो चुके हैं, अपना 17वां शिखर सम्मेलन ब्राज़ील में आयोजित कर चुका है।
हालांकि 2022 में रूस द्वारा नई अंतरराष्ट्रीय मुद्रा की बात उठाई गई थी, BRICS देशों ने साफ किया कि उनका उद्देश्य डॉलर को हटाना नहीं, बल्कि एक विकल्प पेश करना है। भारत ने भी स्पष्ट किया है कि वह “डॉलर को निशाना” नहीं बना रहा, बल्कि व्यापार को सुरक्षित करने के लिए स्थानीय मुद्रा में समझौते कर रहा है।
