वियतनामी इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी VinFast (विनफास्ट) की भारतीय शाखा VinFast Auto India (विनफास्ट ऑटो इंडिया) ने गुजरात के सूरत में अपना पहला शोरूम खोला है। यह शोरूम भारत में कंपनी के पहले इलेक्ट्रिक व्हीकल प्लांट के उद्घाटन से पहले शुरू किया गया है। कंपनी की योजना है कि 2025 के अंत तक 27 शहरों में 35 डीलरशिप्स स्थापित की जाएं।
यह शोरूम लगभग 3,000 स्क्वायर फीट क्षेत्र में फैला है, जहां ग्राहकों को बेहतर उत्पाद अनुभव, आसान खरीद प्रक्रिया और मजबूत आफ्टर-सेल्स सपोर्ट मिलेगा। यहां विनफास्ट की प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी रेंज VF6 और VF7 प्रदर्शित की जाएगी। 15 जुलाई से इन दोनों मॉडलों की प्री-बुकिंग भी शुरू हो चुकी है, जिसकी राशि 21,000 रुपये है और यह पूरी तरह रिफंडेबल है।
विनफास्ट तमिलनाडु के तूतीकोरिन में अपना पहला इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग प्लांट तैयार कर रही है। कंपनी ने रोडग्रिड, मायटीवीएस और ग्लोबल एश्योर के साथ साझेदारी की है ताकि भारत में मजबूत ईवी चार्जिंग और सर्विस नेटवर्क बनाया जा सके। शोरूम उद्घाटन के दौरान विनफास्ट एशिया के सीईओ फाम सान चाऊ ने कहा, “सूरत में विनफास्ट का यह पहला शोरूम भारत के प्रति कंपनी की गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।” उन्होंने आगे कहा, “हम भारत में विनफास्ट का अनुभव लोगों के करीब लाकर बहुत उत्साहित हैं। इस डीलरशिप के जरिए हम सिर्फ इलेक्ट्रिक वाहन ही नहीं, बल्कि विश्वसनीयता, गुणवत्ता और बेहतरीन सेवा के साथ एक संपूर्ण मालिकाना यात्रा देना चाहते हैं।”
