एयर इंडिया ने मंगलवार को बताया कि उसने अपने बेड़े में शामिल सभी बोइंग 787 और 737 विमानों पर फ्यूल कंट्रोल स्विच (FCS) के लॉकिंग मैकेनिज्म की एहतियाती जांच पूरी कर ली है। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या नहीं पाई गई।
यह जांच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा 14 जुलाई को जारी निर्देश के बाद की गई, जिसमें सभी भारतीय एयरलाइनों को बोइंग 787 और 737 विमानों में फ्यूल कंट्रोल स्विच के लॉकिंग मैकेनिज्म की जांच कर 21 जुलाई तक रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा गया था।
DGCA का यह निर्देश एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की एक प्रारंभिक रिपोर्ट के बाद आया, जिसमें 12 जून को एयर इंडिया के विमान हादसे की जांच की गई थी। इस दुर्घटना में 260 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी।
AAIB की रिपोर्ट के अनुसार, यह हादसा अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रहे एयर इंडिया के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान के टेकऑफ के कुछ ही मिनटों बाद हुआ था, जिसमें केवल एक यात्री ही जीवित बचा।
