ऑटोमोबाइल क्षेत्र की अग्रणी कंपनी ने सोमवार को घोषणा की कि वह वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान देशभर में 500 नई सर्विस सेंटर स्थापित करने की योजना पर कार्य कर रही है, जिनमें से 91 केंद्र पहले ही स्थापित किए जा चुके हैं।
कंपनी ने अब तक देश के 2,764 शहरों में 5,500 से अधिक सर्विस टचपॉइंट्स का विस्तार कर लिया है। हाल ही में राजस्थान के उदयपुर में एक नया सर्विस सेंटर शुरू किया गया, जिसका उद्घाटन कंपनी के कार्यकारी अधिकारी – सर्विस, राम सुरेश अकेला और यासुहिरो कवाई द्वारा किया गया।
कंपनी के अनुसार, उसके पास अब देशभर में 40,000 सर्विस बे की विशाल सुविधा है, जो एक वर्ष में 3 करोड़ वाहनों की सर्विस करने में सक्षम है। वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी ने रिकॉर्ड 2.7 करोड़ से अधिक वाहनों की सर्विस की, जो किसी भी वित्तीय वर्ष में अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। पिछले वित्त वर्ष में कंपनी ने 460 नए सर्विस सेंटर जोड़े थे।
कंपनी के अनुसार, “नए वाहन खरीदते समय अधिकांश ग्राहक इस बात पर विशेष ध्यान देते हैं कि उनके निकट और सुविधाजनक स्थान पर एक ऐसा सर्विस वर्कशॉप उपलब्ध हो, जो उचित मूल्य पर विश्वसनीय और जेन्युइन सेवा प्रदान करे – जिससे उन्हें पूरी तरह से मानसिक शांति मिल सके।”
